जरूरतमंदों को मिला सहारा, वस्त्र पाकर खिले चेहरे
शाइन टुडे@ सिवाना न्यूज: सिवाना कस्बे और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक रूप से जरूरतमंद लोगों को अंत्योदय फाउंडेशन के तत्वाधान में रेमंड लिमिटेड मुंबई के शांतिलाल पोखरना और मिठूलाल बापना की ओर से गुरुवार को नि:शुल्क वस्त्र वितरण किया गया। कार्यक्रम में संस्थापक महेंद्र मेहता के निर्देशन और जिला संयोजक कैलाशसिंह राजपुरोहित घाणा के नेतृत्व में बच्चों, महिलाओं और पुरुषों को उनकी पसंद के अनुसार वस्त्र वितरित किए गए। वस्त्र पाकर जरूरतमंदों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
जरूरतमंदों की सेवा ही सच्ची मानवता
संस्थापक महेंद्र मेहता ने बताया कि अंत्योदय फाउंडेशन, मुंबई एक स्वैच्छिक संगठन है, जिसकी स्थापना समाज के वंचित वर्ग की सेवा के उद्देश्य से की गई है। उन्होंने कहा, "हम इस विश्वास से प्रेरित हैं कि गरीबों की सेवा करना ही ईश्वर की सेवा है। हमारा उद्देश्य दूर-दराज के गांवों में रहने वाले जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाना है।"
जिला संयोजक कैलाशसिंह राजपुरोहित घाणा ने कहा कि "निस्वार्थ सेवा ही सबसे बड़ी सेवा है। इससे जो संतुष्टि और प्रेम हमें मिलता है, उसे शब्दों में बयां करना संभव नहीं है। हम सभी इसी सोच के साथ समाज सेवा के कार्यों में लगे हुए हैं।"
समाजसेवी विक्रम सिंह राजपुरोहित घाणा ने भी सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि "नर सेवा ही नारायण सेवा है। अंत्योदय फाउंडेशन वर्षों से जरूरतमंदों की निस्वार्थ भाव से सहायता कर रहा है, और यही सच्ची समाज सेवा है।"
समाजसेवियों की अहम भूमिका
इस अवसर पर गणपत सिंह, प्रवीण सिंह, दुर्योधन प्रजापत, कर्णसिंह सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने संगठन के प्रयासों की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए एक प्रेरणादायक पहल बताया।