समदड़ी को नगरपालिका का दर्जा मिलने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया विधायक का भव्य स्वागत
समदड़ी/बालोतरा: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा घोषित बजट में सिवाना विधानसभा क्षेत्र के समदड़ी को नगरपालिका का दर्जा मिलने की घोषणा होते ही क्षेत्र में हर्ष की लहर दौड़ गई। भाजपा कार्यकर्ताओं और कस्बे वासियों ने लंबे समय से चली आ रही इस मांग के पूरी होने पर खुशी जाहिर की।
बालोतरा जिला बनने और समदड़ी पंचायत समिति को नगर पालिका का दर्जा मिलने से क्षेत्र में रोजगार और विकास के नए आयाम स्थापित होंगे। इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर स्थानीय सिवाना विधायक हमीरसिंह भायल का भाजपा मंडल अध्यक्ष देवेंद्र बोराणा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने बजरंग वाटिका, मुख्य बाजार, गौर का चौक में जेसीबी से पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत और अभिनंदन किया।
इस अवसर पर विधायक हमीरसिंह भायल ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और उपमुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि यह फैसला क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने क्षेत्रवासियों को होली की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए समदड़ी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।