उम्मेद सागर घवा परियोजना की खराब वितरण प्रणाली और कर्मचारियों की कमी से संकट गहराया
पचपदरा/बालोतरा : पचपदरा विधानसभा क्षेत्र में पानी की गंभीर किल्लत का मामला सामने आया है। स्थानीय विधायक ने विधानसभा में नियम 295 के तहत विशेष उल्लेख प्रस्ताव पेश कर इस समस्या को उजागर किया है।
प्रस्ताव में कहा गया है कि क्षेत्र के ग्रामीण और शहरी इलाकों में पानी की वितरण व्यवस्था चरमरा गई है। उम्मेद सागर घवा परियोजना की खराब वितरण प्रणाली और L&T कंपनी के कर्मचारियों की लापरवाही के कारण कई गांवों में 15-20 दिनों में एक बार पानी आता है। कई जगहें तो ऐसी हैं, जहाँ दोनों योजनाओं के चालू होने के बाद भी आज तक पानी नहीं पहुँचा है।
विधायक ने बताया कि कर्मचारियों की कमी के कारण भी समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। उन्होंने मांग की है कि पानी की सुचारु आपूर्ति के लिए तत्काल कदम उठाए जाएँ और उम्मेद सागर घवा परियोजना के समानांतर एक नई पाइपलाइन बनाई जाए। इसके साथ ही नर्मदा नगर का पानी सिवाणा और पचपदरा विधानसभा क्षेत्रों में लाने के लिए नई कार्य योजना बनाने का भी आग्रह किया गया है।
"पानी की किल्लत से जनता त्रस्त है। सरकार को तत्काल इस पर ध्यान देना चाहिए और समस्या का समाधान करना चाहिए।" - अरुण चौधरी, विधायक (पचपदरा)