बालोतरा: महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए जिला पुलिस ने "कालिका पेट्रोलिंग यूनिट" का गठन किया है। यह विशेष टीम सार्वजनिक स्थलों और शैक्षणिक संस्थानों में गश्त कर महिलाओं के प्रति होने वाले अपराधों पर सख्त नजर रखेगी और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।
पुलिस अधीक्षक हरि शंकर आई.पी.एस. ने बताया कि राज्य सरकार एवं पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार इस यूनिट की स्थापना की गई है। इसका मुख्य उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण प्रदान करना और छेड़छाड़, चेन स्नैचिंग जैसी घटनाओं को रोकना है।
इस यूनिट का नेतृत्व उपनिरीक्षक श्रीमती गीता कुमारी करेंगी और उनके साथ चार महिला कांस्टेबल तैनात रहेंगी। यह यूनिट भीड़भाड़ वाले स्थानों जैसे स्कूल, कॉलेज, बाजार, धार्मिक स्थल, मॉल, पार्क, बस स्टैंड आदि पर गश्त करेगी। यदि किसी महिला को कोई समस्या होती है तो वह इस यूनिट से संपर्क कर सकती है, जो तत्काल मदद करेगी और पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित करेगी।
महिला सुरक्षा हेल्पलाइन:
अगर किसी महिला या बालिका के साथ छेड़छाड़, चेन स्नैचिंग या किसी अन्य अपराध की घटना घटित होती है तो वह महिला हेल्पलाइन नंबर 1090 या पुलिस कंट्रोल रूम हेल्पलाइन नंबर 02988-220010 अथवा बलात आपातकालीन नंबर 9530438083 पर संपर्क कर सकती है।
"कालिका पेट्रोलिंग यूनिट" का उद्देश्य केवल अपराधियों पर नजर रखना ही नहीं बल्कि महिलाओं और बालिकाओं को आत्मरक्षा के प्रति जागरूक करना भी है।